संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय गंगानगर में चल रहे थल सैनिक कैंप में शनिवार को प्रतिभाग करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। मीडिया प्रभारी विजयपाल सांवरिया ने बताया कि कैंप में 11 एनसीसी ग्रुप मुख्यालयों के 297 कैडेट्स शामिल हुए।
इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मेरठ के ब्रिगेडियर नवीन राठी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान कैडेट्स के बीच इंटर ग्रुप की प्रतियोगिताएं कराई गईं। ऑब्स्टिकल में मेरठ ग्रुप प्रथम, बरेली द्वितीय और अलीगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। हेल्थ और हाईजीन में बरेली प्रथम, लखनऊ द्वितीय और प्रयागराज ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मैप रीडिंग में मेरठ प्रथम, लखनऊ द्वितीय और बरेली ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में गाजियाबाद प्रथम, बरेली द्वितीय और मेरठ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लाइन एरिया में प्रयागराज प्रथम, लखनऊ द्वितीय और मेरठ ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। जेडी और एफएस में बरेली ग्रुप ने प्रथम, आगरा ने द्वितीय और गाजियाबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल में बरेली ग्रुप ने प्रथम, आगरा ग्रुप ने द्वितीय और मेरठ ग्रुप ने तृतीय स्थान पाया। इस कैंप में चुने गए कैडेट्स अब प्री-थल सैनिक कैंप का हिस्सा बनेंगे। कैंप कमांडेंट कर्नल अभिषेक पवार ने ब्रिगेडियर नवीन राठी को प्रगति रिपोर्ट दी। इस अवसर पर कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी, नायब सूबेदार मोम बहादुर थापा, सूबेदार मेजर हरदयाल सिंह, सूबेदार मेजर भीम सिंह, सूबेदार सुधीर कुमार, संदीप पूनिया आदि मौजूद रहे।