पोस्टर बनाकर लोगों को किया जागरूक, कैडेट्स को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दबथुवा स्थित श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रांगण में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होपेंद्र ठाकुर के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीत नारायण भारती और एनसीसी अधिकारी कैप्टन सविता चौधरी के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने नशा मुक्ति पर आधारित आकर्षक और संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और इससे दूर रहने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इसके बाद कैप्टन सविता चौधरी के नेतृत्व में एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान कैडेट्स ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के साथ ही परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
कैडेट्स ने देश को बचाना है, नशे को बंद कराना है और जन-जन का यही है संदेश, नशामुक्त हो अपना देश जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स और अन्य स्टाफ मौजूद रहा।