मेरठ। घाट रोड स्थित पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की महिला खिलाड़ी नव्या का चयन राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तर प्रदेश की अंडर-17 महिला टीम में हुआ है। उनके चयन पर शनिवार को उनके कोच उमेश ने खिलाड़ियों को मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
नव्या पिछले पांच साल से कोच उमेश से प्रशिक्षण ले रही हैं। जिला व मंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन के चलते उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से राज्य स्तर के मैच मुरादाबाद में खेले गए थे। इनमें नव्या ने 37 रन दो विकेट का ऑलराउंड प्रदर्शन किया। इसके आधार पर उनका चयन नेशनल में किया गया। अब वह नेशनल लेवल पर मैच खेलने के लिए जम्मू जाएंगी। 15 नवंबर से यह मैच शुरू होगा।
नव्या मप्रकाश इंटर कॉलेज में कक्षा दस में पढ़ती हैं। स्कूली क्रिकेट में ही उनका चयन हुआ है। इससे पहले नव्या का चयन बीसीसीआई महिला वनडे ट्रॉफी अंडर-15 में यूपी कैंप के लिए भी हो चुका है। नव्या के पिता बॉबिंद्र राणा और चाचा विकास ने भी कोच और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। नव्या को यहां तक पहुंचाने में उनके चाचा का भी विशेष योगदान रहा। उमेश वर्मा ने बताया कि नव्या बहुत मेहनती खिलाड़ी हैं। और पूरे दिन क्रिकेट के अलावा उन्हे कुछ नहीं दिखाई देता। उनकी मेहनत का ही असर है जो वह आलराउंड प्रदर्शन कर रही हैं।