- नए कलेक्शन और आकर्षक ऑफर्स से लुभाने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। श्राद्ध पक्ष में छाई मंदी के बाद अब बाजार को नवरात्रि के सहारे रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सोने-चांदी के चमकते कलेक्शन से लेकर फैशनेबल परिधानों, आकर्षक हैंडीक्राफ्ट और इलेक्ट्रॉनिक्स के नए मॉडल तक, कारोबारियों ने ग्राहकों को लुभाने की पूरी तैयारी कर ली है। छूट और खास ऑफर्स के बीच व्यापारियों को 30 फीसदी तक उछाल आने की आस है।
हल्के गहनों से चमकेगा सराफा बाजार
सोने-चांदी की कीमतों में स्थिरता के संकेतों के बीच सराफा बाजार को रफ्तार मिलने की आस है। प्रदीप अग्रवाल के मुताबिक, हीरे जड़ित हल्के आभूषणों के साथ कुंदन, पोल्की, एंटीक और कास्टिंग की नई रेंज तैयार है। मेकिंग चार्ज में छूट और लकी ड्रॉ जैसे ऑफर्स भी ग्राहकों को आकर्षित करेंगे। डॉ. संजीव अग्रवाल को शादियों के सीजन के चलते कारोबार में करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
नए डिजाइन, 40 प्रतिशत तक छूट
कपड़ा बाजार में हैंडलूम, खादी, ब्राइडल लहंगे, सूती सूट और पारंपरिक परिधानों की नई वैरायटी उतारी गई है। व्यापारी अमित और अंकुर के अनुसार, ग्राहकों को 40 फीसदी तक छूट और गिफ्ट वाउचर दिए जा रहे हैं। त्योहारों और शादियों की खरीदारी से बाजार में तेजी आने की उम्मीद है।
हैंडीक्राफ्ट में इको-फ्रेंडली उत्पादों की धूम
हैंडीक्राफ्ट और लकड़ी के कारोबारियों को भी मांग बढ़ने की आस है। भव्य जैन ने बताया कि रेजिन, आम की लकड़ी और पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बने सजावटी सामान व गिफ्ट पैक की नई रेंज तैयार की गई है। त्योहारों पर घरेलू और विदेशी बाजार से बेहतर मांग की उम्मीद है।
नए मॉडल से इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार को आस
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, मोबाइल, लैपटॉप और घरेलू उपकरणों के नए मॉडल ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। अनुज अग्रवाल के मुताबिक, नवरात्रि का सीजन कारोबार के लिए बूस्टर साबित हो सकता है।
ऑनलाइन बाजार को सीधी टक्कर
चैंबर फॉर डेवलपमेंट एंड प्रमोशन ऑफ एमएसएमई के सचिव आशुतोष अग्रवाल के अनुसार, स्थानीय व्यापारी ऑनलाइन बाजार को चुनौती देने के लिए बेहतर गुणवत्ता, विविधता, प्रतिस्पर्धी कीमतों, छूट और होम डिलीवरी पर जोर दे रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि इन सुविधाओं से ग्राहक स्थानीय बाजार की ओर रुख करेंगे।