साइबर सैल ने एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी के नाम पर बेरोजगार युवकों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर जांच के बाद इसके सरगना को नोएड़ा से दबोचकर उसके कब्जे से फर्जी पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं।
रिठानी निवासी सुशांत शर्मा पुत्र मनोज शर्मा ने एक नौकरी डॉट कॉम पर सर्विस के लिए अपना रिज्यूम डाला था। कुछ दिनों बाद 22 सितंबर को सुशांत के मोबाइल पर एक युवती की काल आई। उसने अपना नाम पिंकी बताते हुए कहा कि वह नौकरी डाट कॉम से बोल रही है। उसने उसे हेवल्स प्रा. लि. में जॉब दिलाने की बात कही। इसके लिए 24 सितंबर को रजिस्ट्रेशन के लिए 1925 रुपये ले लिए। इसके बाद अलग अलग डेट में विभिन्न कार्यों के लिए 17 हजार 125 रुपये एसबीआई के एक बैंक एकाउंट में डलवा लिए। लेकिन रकम देने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली ना ही उसके रुपये लौटाए गए । सुशांत शर्मा ने इसकी शिकायत एसएसपी जे रविंद्र गौड़ से की। मामला साइबर सैल को भेजा गया। साइबर सैल ने मामले की जांच पड़ताल की।
फर्जी आईडी पर खोला खाता
जांच में पता चला कि जिस एकाउंट में रकम मंगाई गई है वह खाता एसबीआई नोएडा की सेक्टर 62 में खुला है। वहां जांच में पता चला कि यह खाता राहुल शर्मा निवासी ममूड़ा के नाम से खुला है लेकिन उस पते पर जाने से पता चला कि खाता फर्जी ढंग से खुला है।
सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
इसके बाद साइबर सैल ने सर्विलांस की मदद से उसे ट्रेस किया। उसकी ज्यादातर लोकेशन नोएड़ा के सेक्टर 58 में मिली। पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। पकड़ा गया युवक का असली नाम विशेष कुमार उर्फ मान सिंह निवासी गांव पुवैना नूरपुर बिजनौर है। उसी का फोटो बैंक एकाउंट पर लगा था।
फर्जी आईडी, कागजात बरामद
साइबर सैल के कर्मवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी अमित मिश्रा, पिंकी, रवि ठाकुर, सिद्धार्थ ,धनराज और राहुल शर्मा के साथ मिलकर हैवल्स कंपनी के नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से इसी तरह ठगी कर रहा था। आरोपी के पास से पुलिस ने फर्जी वोटर आईडी, आधार कार्ड, पेन कार्ड, खुलवाए गए बैंक खातों के एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
नोएड़ा, गाजियाबाद में खुलवाए कई खाते
आरोपी ने बताया कि उसने बैंक में अपना फाटो लगाकर फर्जी आईडी से एसबीआई नोएडा सेक्टर 58, बैँक आफ इंडिया सेक्टर 22 नोएडा, बैँक आफ बड़ौदा खोड़ा गाजियाबाद ,नोएडा के ही सेक्टर 62 में आईसीआईसीआई में खाते खुलवाए थे। उसने बताया कि उसके सभी बैंक खाते सीज होने के बाद उसने अपना आफिस भी बंद कर दिया। उसके नोएडा के एसबीआई खाते में ही करीब 11लाख रुपये का लेन देन था। जबकि बाकी बैंक खातों में जमा रकम की जानकारी ली जा रही है। पूछताछ में उसने बताया कि वह एमएससी पास है। साइबर सैल प्रभारी ने बताया कि परतापुर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। उसे गिरफ्तार कर पुलिस को सौप दिया गया है।