पश्चिम उप्र के ऐतिहासिक मेला नौचंदी का उद्घाटन तीन अप्रैल को होगा। नगर निगम प्रशासन की ओर से इस बाबत घोषणा कर दी गई है। मंगलवार को मेला समिति की बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। समिति ने पटेल मंडप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को भी हरी झंडी दे दी है।
पटेल मंडप के जर्जर अवस्था में होने के कारण इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर संशय था। मंगलवार को महापौर ने पटेल मंडप में ही मेला समिति की बैठक बुलाई। इसमें पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की रिपोर्ट को रखा गया। इंजीनियरों ने जीर्णोद्धार के बाद कार्यक्रम कराने के लिए अपनी संस्तुति की है। लिहाजा बैठक में पटेल मंडप का जीर्णोद्धार कराकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अनुमति प्रदान कर दी गई। निर्णय लिया गया कि किसी भी कार्यक्रम में अश्लीलता होने पर आयोजक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
साथ ही सहायता राशि का भुगतान भी नहीं होगा। बैठक में पटेल मंडप और मेला परिसर में सीसीटीवी लगवाने, सभी विभागों के स्टॉल लगवाने और बेहतर लाइटिंग कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में महापौर हरिकांत अहलुवालिया, नगरायुक्त उमेश प्रताप, एसपी यातायात किरन यादव, समिति सदस्य सेंसरपाल, राकेश शर्मा, सरबजीत कपूर, शशि, मयंक, नरेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, अतुल मिश्रा, आशुतोष चंदोला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रेम सिंह, मोहम्मद शाहिद, सुनील दत्त सैनी, डा. ब्रजभूषण शर्मा आदि मौजूद रहे।
मेले पर खर्च होंगे 1 करोड़ 85 लाख
मेरठ। महापौर हरिकांत अहलुवालिया ने बताया कि नौचंदी मेले के लिए एक करोड़ 85 लाख 46 हजार 260 रुपये का बजट रखा गया है। इसमें से 86 लाख 20 हजार 809 रुपये का व्यय निर्माण कार्यों पर किया जाएगा ताकि मेले को भव्य रूप दिया जा सके। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मेले में आने वाले पुराने दुकानदारों से 30 मार्च से 10 अप्रैल तक किराया जमा करा लिया जाए।
रंगाई पुताई और जीर्णोद्धार के लिए टेंडर
मेरठ। मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय ने बताया कि पटेल मंडप की छत, दीवार की मरम्मत, चंडी मंदिर और बाले मियां की मजार की रंगाई पुताई, दुकानों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। ताकि समय से कार्य पूर्ण कराए जा सकें।
मंदिर में झुकाया शीश, मजार पर अकीदत
मेरठ। पटेल मंडप में बैठक शुरू करने से पहले महापौर हरिकांत अहलुवालिया, नगरायुक्त उमेश प्रताप ने मेला समिति के सभी सदस्यों को साथ लेकर मां चंडी मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने बाले मियां की मजार पर भी अकीदत की।