उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि नए-नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। सरकार की तरफ से दी जाने वाली छूट का लाभ उद्यमी उठा रहे हैं। 20 जनवरी को होने वाली इन्वेस्टर समिट में 12 हजार करोड़ के नए प्रस्ताव लिए जाएंगे। 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
40 लाख से कारोबार 2 करोड़ पहुंचा
पारस स्पोर्ट्स कंपनी के संचालक पारस देव मनी और अनिल कुमार ने बताया कि ओडीओपी के अंतर्गत दो साल पूर्व कारोबार शुरू किया। नवाचार के अंतर्गत वाटरप्रूफ शटल कॉक बनाने का कार्य शुरू किया। योग में प्रयोग होने वाली मेट (दरी) बनाई। वाटर प्रूफ क्रिकेट पैड, थाई एल्बो, हॉकी गार्ड भी बना रहे हैं।
चीन को मात दे रहे मेरठ के जिम उपकरण
यश इंडस्ट्रीज के संचालक अनिल पुंडीर ने बताया कि सितंबर 2021 में जिम उपकरणों का कारोबार शुरू किया। 50 लाख का लोन एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत जनवरी 2022 में मिला। जनवरी 2023 तक 50 लाख का कारोबार 6 करोड़ का हो गया।
मार्च 2023 से पूर्व एक और यूनिट स्थापित हो जाएगी। फिटनेस उपकरणों के साथ जिम के सभी तरह के उपकरण बना रहे हैं। अभी तक लोग जो जिम उपकरण चीन से आयात करते थे, वह आधी कीमत में मेरठ में बनाए जा रहे है। ऑनलाइन माध्यम से प्रतिदिन 20 लाख की बिक्री हो रही है। शुरुआत में 15 लोगों को रोजगार दिया। अब 70 कर्मी काम कर रहे हैं।
लाए गियर सिस्टम
ओबा डिजिटल ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड के संचालक आसिफ ने बताया कि मार्च 2018 में कारोबार शुरू किया। जिम उपकरणों में वजन के लिए प्लेट लगाई जाती थी, जिसे गियर सिस्टम से बदल दिया। अब मशीन बनाने में खर्च आधा हो गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पाद की आपूर्ति कर रहे हैं। चार साल में 5 यूनिट स्थापित कर ली हैं। 10 से शुरू किया कारोबार 2.5 करोड़ का हो गया है।
खेल उत्पाद में बना रहे लोअर टीशर्ट
नीको स्पोर्ट्स एंड होजरी वर्क्स के संचालक वीरपाल सिंह ने बताया कि 2019 में ओडीओपी के अंतर्गत 23 लाख का निवेश कर लोअर और टीशर्ट बनाने का कार्य शुरू किया। तकनीक में सुधार कर शॉर्ट्स, फुटबॉल सेट, कबड्डी सेट, खोखो सेट, क्रिकेट सेट, कुश्ती सेट, टेनिस सेट, हॉकी सेट, वालीबॉल सेट, बास्केट बॉल सेट, ताईक्वांडो सेट, टेनिस सेट बनाने का कार्य शुरू किया।