3600 रुपये को लेकर हुआ विवाद, ईंट से कुचलकर की हत्या
दौराला क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी 17 वर्षीय अनुष्का अपने भाई अनमोल के साथ शोभापुर में किराये पर रहकर पढ़ाई और कबड्डी का अभ्यास कर रही थी। वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी थी और खेल जगत में अपनी पहचान बना रही थी।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल की रात आरोपी श्याम धानक और अनुष्का के बीच रुपयों को लेकर विवाद हुआ। अनुष्का ने कुछ दिन बाद रुपये लौटाने की बात कही थी, लेकिन आरोपी तत्काल पैसे मांगने पर अड़ा रहा। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और अनुष्का ने विरोध किया। इसी दौरान आरोपी ने ईंट उठाकर उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चौकी के पास स्थित नाले में फेंक दिया और फरार हो गया।
पहले भी हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है जेल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी श्याम धानक के खिलाफ पहले से हत्या का एक और मामला दर्ज है। लालकुर्ती क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में वह जेल जा चुका था और वर्ष 2024 में जमानत पर बाहर आया था।
पिछले दो वर्षों से वह रोहटा मार्ग पर फास्टफूड की दुकान चला रहा था। अनुष्का की हत्या के बाद से उसकी दुकान भी बंद पड़ी थी। अब पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियो निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया है। शव की डीएनए प्रोफाइलिंग भी की जाएगाी।