आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के मैदान पर घुड़सवारी का रोमांच बढ़ने लगा है। रविवार को राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में नोविस और प्री नोविस इवेंटिंग ड्रेसाज इवेंट हुआ। इसमें आरवीसी के खिलाड़ियों और टीम का दबदबा रहा है।
आरवीसी के इक्वेस्टेरियन ड्रेसाज मैदान में सोमवार को होने वाली क्रास कंट्री के लिए नोविस और प्री नोविस इवेंटिंग ड्रेसाज इवेंट हुआ। 39 घोड़ों व घुड़सवारों ने नोविन इवेंटिंग ड्रेसाज में प्रतिभाग किया। इसमें आरवीसी के सिपाही शौर्य प्रताप ने अपने घोड़े हारथर के साथ लीड बना ली है। प्री नोविस इवेंटिंग ड्रेसाज इवेंट में 70 घोड़ों ने प्रतिभाग किया। आरवीसी के ही दफेदार अंकुश कुमार अपने घोड़े गौरव के साथ लीड बनाए हैं।
टीम इवेंट के नोविस इवेंट में आरवीसी और आर्मी सर्विस कोर की टीमों में कड़ी टक्कर है। प्री नोविस इवेंट में आरवीसी, आर्मी सर्विस कोर समेत अन्य दो टीमों में कड़ा मुकाबला है। इवेंट के दौरान जजों ने जहां घोड़े की सुंदरता, उसकी चाल, घुड़सवार का संतुलन देखा, वहीं कई चरणों में अन्य टेक्निकल बातों पर भी ध्यान दिया गया। इवेंट में इन सभी चरणों में परफार्म किया और प्वाइंट हासिल किए। 5 मार्च को प्रतियोगिता का समापन होगा।
आज क्रॉस कंट्री इवेंट
29 फरवरी को मुख्य रोमांचक क्रास कंट्री नोविस इवेंट और क्रास कंट्री प्री नोविस इवेंट होंगे। क्रास कंट्री नोविस इवेंट में घुड़सवार को 2500 मीटर के एरिया को पांच मिनट में पूरा करना होता है। इसमें घुड़सवार की 500 प्रति मिनट की स्पीड होती है। इस दौरान घुड़सवार को 20 प्रयासों में 19 बाधाएं पार करनी होती हैं। यह मुकाबला सुबह सात से दस बजे तक होगा। क्रास कंट्री प्री नोविस इवेंट में घुड़सवार को 2025 मीटर के एरिया को साढ़े चार मिनट में पूरा करना होता है। इसमें घुड़सवार की 450 प्रति मिनट की स्पीड होती है। इस दौरान घुड़सवार को 18 प्रयासों में 18 बाधाएं पार करनी होती हैं। मुकाबले दस बजे से शुरू होंगे।