फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी : हाथ में तिरंगा और जुबां पर मुहम्मद का नाम

Tue, 13 Dec 2016 12:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
हाथों में तिरंगा लेकर जुलूस में शामिल बच्चे। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में विभिन्न स्थानों पर जुलूस निकाले गए। मोहम्मद के चाहने वालों ने उनकी शान में कसीदे पढ़े। इस दौरान जुलूस में शामिल बच्चों को पुरस्कार देकर उनकी हौसला अफजाई की गई। जुलूस में युवकों ने पटाबाजी भी दिखाई। जुलूस के दौरान युवा और बच्चे देश की शान तिरंगे को लहराते हुए चल रहे थे। 
विज्ञापन

सोमवार सुबह टाउन हॉल से जश्ने ईद मिलादुन्नबी सीरत एंड वेलफेयर कमेटी ने जुलूस निकाला। शहर के अन्य स्थानों से छोटे जुलूस भी इसमें शामिल हुए। मदरसा इस्लामिया अंदर कोट के जुलूस का नेतृत्व मौलाना उबेदुल्ला और हाजी शम्स कादरी ने किया। मजीदिया स्कूल, मदरसा इस्लामिया और मदीनतुल इस्लाम के छात्रों ने किरअत पेश की। मुफ्ती इश्तियाकुल कादरी, मौलाना मुफ्ती जियाउद्दीन और मौलाना मुमताज ने हजरत मोहम्मद के यौमे पैदाइश पर प्रकाश डाला। जुलूस का संचालन मौ. उस्मान ने किया। जुलूस घंटाघर से जिला अस्पताल रोड,  खैरनगर चौराहा, जलीकोठी चौपला होते हुए फैज-ए-आम कॉलेज पहुंचा। कमेटी की तरफ से जुलूस में शामिल बच्चों को पुरस्कार दिए गए। जलसे का संचालन अली मिशन सोसायटी के संयोजक अली हैदर रिजवी ने किया। डॉ. आरिफु द्दीन, मजहररूद्दीन, मौ. यूसुफ सलमानी, डॉ. ग्यासुद्दीन आदि रहे।  
 उधर, ऑल इंडिया सीरत कमेटी ने ईद मिलादुन्नबी का दिन यौमे तालीम (शिक्षा दिवस) के रूप में मनाया। नौचंदी स्थित बाले मियां दरगाह परिसर पर कुरानख्वानी हुई। इस दौरान 11 कबूतरों को आजाद किया गया। यहां से निकाले गए जुलूस में कई स्कूल और मदरसों के बच्चे शामिल हुए। जुलूस आजाद रोड, गोला कुआं होते हुए मकबरा हजरत शाहपीर निकट इंद्रा चौक पहुंचा। हजरत शाहपीर की दरगाह पर अमन और चैन की दुआ मांगी गई। युवकों ने पटाबाजी से भी हैरत अंगेज करतब दिखाए। मुफ्ती मो. अशरफ, आफाक अहमद, सूफी मौ. जमाल, इकराम अंसारी, सतीश, मो. फारूक, हाजी दानिश, जमशेद आलम, वरुण त्यागी आदि रहे। जुलूस मार्ग पर अकीदतमंदों ने आतिशबाजी भी की। 
विज्ञापन

जश्न-ए-मिलादुन्नबी कमेटी कैंट ने लालकुर्ती स्थित मदरसा इस्लामिया से जुलूस निकाला। स्कूली बच्चे नबी हजरत मोहम्मद की शान में नारे लगाते हुए चल रहे थे। जुलूस पैंठ एरिया और शास्त्री चौक से होता हुआ नेशनल इंटर कॉलेज जलसे में पहुंचा। रास्ते में हर धर्म के लोगों ने जुलूस का स्वागत कर बच्चों को फल वितरित किए। कॉलेज के मैदान में बच्चों ने पीटी, किरात, तकरीर और नात प्रतियोगिता में शिरकत की। जलसे की अध्यक्षता खुर्शीद अहमद खां और संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता रउफुल हसन अंसारी ने किया। शेख फखरूद्दीन साबरी, गुलाम गौस आदि रहे। सीरत कमेटी गुजरी बाजार एवं शहर जमीयत उलेमा की जानिब से गुजरी बाजार चौराहे पर जलसा हुआ। उलेमाओं ने कहा कि मुसलमान नेक जिंदगी गुजारने के लिये सीरत पाक पर अमल करें। 
जमीयत के शहर अध्यक्ष काजी जैनुर राशिद्दीन की अध्यक्षता में हुए जलसे में हजरत मौलाना शाहीन जमाली ने कहा कि मानव सेवा को रब सबसे ज्यादा पसंद करता है। इंसानियत के रास्ते पर चलकर ही हर दिक्कतों से छुटकारा मिलेगा। हापुड़ से आए हजरत मुफ्ती मौ. मुस्तकीम ने कहा कि नबी हजरत मोहम्मद के बताए रास्तों पर चलकर मुसलमान हर बुराई से बच सकता हैं। उस्ताद हजरत मौलाना इजहारूल हक कासमी ने कहा कि नमाज हर परेशानी का हल है। जलसे के संयोजक हाजी मो. इरशाद रहे। संचालन मोलाना मो. सलमान कासमी ने किया। मो. जमाल राईन, हाजी मो. शीराज, हनीफ कुरैशी, अंजुम निजामी, मो. शहजाद आदि रहे। उधर, इमलियान के पास राष्ट्रीय लोकदल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष नासिर अंसारी गोताना और प्रदेश महासचिव जीशान सिद्दीकी ने सोमवार को कैंप लगाया। मुशीर, सिताब खान, शौकत, सलमान आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें