हॉकी चैंपियनिशप में प्रतिभाग करतीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
सीजेडीएवी सेनेटरी पब्लिक स्कूल शास्त्रीनगर एवं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 62वीं नेशनल हॉकी गर्ल्स अंडर 17 प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने पंजाब को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। यूपी की टीम को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
सोमवार को पहला सेमीफाइनल मैच पंजाब और ओडिसा के बीच खेला गया। पंजाब ने 5-2 के अंतर से मुकाबला जीत लिया। दूसरा सेमीफाइनल यूपी और झारखंड के बीच हुआ। झारखंड के सामने यूपी की टीम बेबस नजर आई। झारखंड की खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए तीन गोल दागे। यूपी की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। बढ़े उत्साह के साथ फाइनल में पहुंची झारखंड की टीम का अच्छा प्रदर्शन जारी रहा और पंजाब जैसी धाकड़ टीम को भी 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। तीसरे स्थान के लिए यूपी और ओडिसा के बीच मैच हुआ। यूपी ने ओडिसा को 5-4 गोल से हरा दिया। प्रतियोगिता में 25 राज्यों की 490 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 34 मैच खेले गए। मुख्यातिथि वीके शेखर ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अर्जुन अवार्डी प्रीतम कौर ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के डीसीपी अब्दुल राशिद, आईएमए अध्यक्ष डॉ. वीरोत्तम तोमर, डॉ. राहुल नेहरा, विक्रम लांबा, मोहिनी लांबा, धीरज सिंह, जोगेंद्र सिंह, वीर सिंह, डॉ. मंजू तिवारी और आकाश शर्मा मौजूद रहे।