एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर छात्र का स्वागत करते ग्रामीण स्रोत संवाद
- पटियाला में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आशु ने 14.28 मीटर गोला फेंका
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की शकुंतला कॉलोनी निवासी कक्षा आठवीं के छात्र आशु ने सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शॉट पुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। पटियाला में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में आशु ने 14.28 मीटर गोला फेंका। इस उपलब्धि से उनके परिवार विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आशु पुत्र भीम सिंह ने देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। उन्होंने कड़ी मेहनत नियमित अभ्यास और अनुशासन से यह मुकाम पाया। आशु ने अपनी सफलता का श्रेय कोच कुशमेंद्र चौधरी, पिता भीम सिंह, माता और निरंतर अभ्यास को दिया। पिता भीम सिंह ने बताया कि आशु छोटी उम्र से ही अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित है। उसकी लगन का ही परिणाम है कि उसने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद आशु के घर लौटने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। गणेशपुर तिराहे से मालीपुर गांव तक लोगों ने फूल बरसाए और मालाएं पहनाईं। इस दौरान लोगों ने आशु का उत्साहवर्धन किया। अब उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।