दौराला - दादरी गांव स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में हस्ताक्षर करते विद्यार्थी। स्रोत संस्थान
दौराला। दादरी गांव स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. यज्ञदेव शर्मा के संरक्षण में संपन्न हुआ। नारी शक्ति वंदन संवाद और अधिनियम के समर्थन में दीवार हस्ताक्षर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. संगीता तोमर ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में आरक्षण भविष्य की योजना है। पंचायत और स्थानीय निकायों में महिलाओं को संविधान के 73वें संशोधन से पहले ही अधिकार मिले हैं। डॉ. तोमर ने जोर दिया कि केवल कानून से नहीं, बल्कि नेतृत्व कौशल और भाषण कला से महिलाएं सशक्त होंगी। महिला प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. दीप्ति चौधरी ने महिलाओं के लिए डिजिटल साक्षरता को महत्वपूर्ण बताया। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. विशाल कुमार ने नारी को भारतीय संस्कृति में शक्ति का स्वरूप माना। छात्राओं और प्राध्यापकों ने अधिनियम के समर्थन में दीवार पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रो. सुशील कुमार, डॉ. विजेंद्र सिंह, डॉ. जितेंद्र विकल आदि मौजूद रहे।