माछरा। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन द्वारा माछरा ब्लॉक के गांव नंगली किठौर को प्रदेश की प्रथम तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया।
बृहस्पतिवार को गांव नंगली किठौर के कंपोजिट विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि नंगली किठौर का तंबाकू मुक्त होना न सिर्फ मेरठ, बल्कि प्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है। सौभाग्यशाली हैं यहां के अफसर जिन्हें लाइफ टाइम एचीवमेंट बुकलेट मे ऐसी उपलब्धि दर्ज कराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उन्होंने तंबाकू मुक्ति के लिए ग्राम प्रधान ब्रजपाल के साथ ही गांव के सभी महिला, पुरुषो, दुकानदारों व आशाओं को सराहा। मुख्य विकास अधिकारी नुपूर गोयल ने कहा कि नंगली किठौर गांव का प्रदेश का पहला तंबाकू मुक्त गांव है। इस उपलब्धि को बरकरार रखें। भविष्य में भी यहां तंबाकू की बिक्री नहीं होने दें। तंबाकू का सेवन करने से बचें।
गांव को तंबाकू मुक्त करने में ग्राम प्रधान ब्रजबाला, प्रधान पुत्र विनय प्रधान से लेकर हर वर्ग का योगदान है। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों को भी नंगली किठौर गांव से प्रेरणा लेने की सलाह दी। सीडीओ नूपुर गोयल ने पंचायत सचिवालय में बनी लाइब्रेरी तथा कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों से वार्तालाप किया।
सीएमओ डाॅ. अशोक कटारिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों की एक साल की मेहनत का परिणाम है कि आज नंगली किठौर तंबाकू मुक्त घोषित हो पाया है। तंबाकू जनित भयंकर बीमारियों के विषय में बताते हुए जिले की अन्य ग्राम पंचायतों से तंबाकू मुक्ति की अपील की।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अमित कसाना फौजी, भूदेव शर्मा, दुष्यंत तोमर, प्रधान ब्रजबाला, प्रह्लाद सिंह, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव, डाॅ. तरुण राजपूत, बीडीओ माछरा अजय कुमार, डायरेक्टर वीपीएस, विनय प्रधान, राजन भिवानिया, सुजीत सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।