मोदीपुरम से हरिद्वार तक रूट जोड़ने की तैयारी
दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत रैपिड ट्रेन कॉरिडोर की शुरुआत 22 फरवरी 2026 को हो चुकी है। एनसीआरटीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉरिडोर पर हर महीने करीब 32 लाख लोग यात्रा कर रहे हैं। अब इसी नेटवर्क को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
प्रस्तावित योजना के तहत दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने का विकल्प तैयार किया जा रहा है। इसके लिए करीब 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक की जरूरत होगी। इसमें 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में प्रस्तावित है। ऐसे में कॉरिडोर को विकसित करने के लिए दोनों राज्यों की सरकारों की सहमति भी जरूरी होगी।
एनसीआरटीसी के स्तर पर अभी इस रूट का स्केच वर्क किया जा रहा है। इसे प्राथमिक सर्वे का चरण बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी रूट की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इस कॉरिडोर के बनने से दिल्ली से हरिद्वार तक का पांच से छह घंटे का सफर करीब ढाई घंटे में पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत के अन्य कॉरिडोर भी प्रस्तावित
दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश के अलावा नमो भारत के कई अन्य कॉरिडोर भी प्रस्तावित हैं। इनमें दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर प्रमुख है। करीब 136 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को हरियाणा सरकार और एनएचएआई से मंजूरी मिल चुकी है। सराय काले खां से कुंडली, सोनीपत और पानीपत होते हुए करनाल तक इसका रूट प्रस्तावित है।
इसी तरह दिल्ली-अलवर कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 164 से 196 किलोमीटर बताई गई है। इसका 91 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में होगा। यह कॉरिडोर सराय काले खां से हरियाणा होते हुए राजस्थान के अलवर तक प्रस्तावित है। इसके पहले चरण में सराय काले खां से बावल या बहरोड़ तक रूट विकसित करने की योजना है।
उत्तर प्रदेश में भी गाजियाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा, दिल्ली-बागपत-बड़ौत, गाजियाबाद-हापुड़ और गाजियाबाद-बुलंदशहर-खुर्जा जैसे कॉरिडोर के प्रस्ताव हैं। ये अलग-अलग स्तरों पर डीपीआर और फिजिबिलिटी जांच के अधीन हैं। इनमें दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर का प्राथमिक सर्वे शुरू होना पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में अहम प्रस्ताव है।