जुमे की नमाज में पहले से ज्यादा पहुंचे नमाजी, कोरोना से निजात की दुआ
मेरठ। शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले उलमा ने कोरोना के मद्देनजर लोगों को जागरूक किया। एहतियातन 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और बीमारों को मस्जिद न आकर घर पर ही नमाज अदा करने की सलाह दी। मास्क पहनने को कहा। साथ ही नमाज अदा कर देश और दुनिया के लिए कोरोना से निजात की दुआ की। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक नमाज अदा करने इस बार पहले से ज्यादा नमाजी पहुंचे।
कारी शफीकुर्रहमान ने कहा इस्लाम ने इंसान को कोरोना जैसे वायरस से लड़ने की ताकत दी है। हर इंसान को 24 घंटे पाक और साफ रहने की हिदायत दी है। मुस्लिम समाज का हर बालिग 24 घंटे वुजू में रहे, ताकि वो नमाज के साथ साथ पाक और पवित्र रह सकें। उन्होंने लोगों से मास्क पहनकर बीमारी से लड़ने की अपील की।
वहीं, शहरकाजी जैनुस साजिदीन ने बताया कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन उससे बचाव को लेकर एहतियात बहुत जरूरी है। ऐसे में 60 साल की उम्र से ज्यादा वाले व्यक्ति मस्जिद में आने से बचें। खांसी, जुखाम और बुखार से पीड़ित व्यक्ति मस्जिद में न आएं। उन्होंने कहा कि इस्लाम के रास्ते पर चलकर हम कोरोना क्या हर गंभीर बीमारी से लड़ सकते हैं, इसलिए नमाज की पाबंदी के साथ खुद को पाक साफ रखें। मस्जिद इमलियान हापुड़ रोड के इमाम मौलाना इमरान सहित मकबरा अब्ब्ूा, कचहरी की मस्जिद, घंटाघर, जलीकोठी, लिसाड़ी गेट और हापुड़ रोड क्षेत्र, गुजरीबाजार आदि इलाकों की सभी मस्जिदों में कोरोना वायरस निजात की दुआ मांगी गई।
नहीं की सैनिटाइजर की व्यवस्था
नायब शहरकाजी जैनुर राशिद्दीन भी मास्क लगाकर नमाज पढ़ने पहुंचे। सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं गई थी। इस पर लोगों का कहना था कि वुजू करने के दौरान हाथ, पैर, मुंह, आंख और नाक आदि पूरी तरह से साफ हो जाते हैं। इसके बाद ही नमाज अदा की जाती है।
मस्जिद में नमाज पढ़ने वालों की संख्या में हुआ इजाफा
खुफिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार जुमे की नमाज पर अबकी बार लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है। खुफिया विभाग ने यह रिपोर्ट शासन को भेजी है।