मेरठ। लखनऊ में गायिका कनिका कपूर को कोरोना की पुष्टि के बाद शासन और ज्यादा अलर्ट हो गया। शुक्रवार को शासन ने पुलिस प्रशासन के आला अफसरों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई बंद कर दें। अब फरियादी ऑनलाइन शिकायत करें, शनिवार से यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एक तरफ कोरोना वायरस को लेकर देशभर में सतर्कता बरती जा रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के कार्यालय में फरियादियों की दिनभर भीड़ लगी रहती है। शुक्रवार को भी मेरठ में एडीजी और आईजी कार्यालय में कई फरियादी पहुंचे। हालांकि एसएसपी कार्यालय में फरियादियों की भीड़ नहीं थी। दोपहर दो बजे लखनऊ से पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को बताया गया कि कोरोना वायरस को देखते हुए जनसुनवाई बंद करे। लोगोें से अपील करे कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज करे। जिसके लिये 1090, 112, पुलिस और प्रशासन के द्वारा जारी मोबाइल नंबर, ई-मेल, आईजीआरएस पोर्टल शिकायत दर्ज करें। कोरोना वायरस को देखते हुए आला अधिकारी फरियादियों से दूरी बनाएं। थानों में भी फरियादियों की शिकायत सुनने को लेकर जल्द फैसला लिया जाना है। एसएसपी इसको लेकर अलग से व्यवस्था बनाने में लगे है। हालांकि एसएसपी का कहना कि फरियादियों की शिकायत सुनते समय पुलिसकर्मियों को मास्क पहनने का सुझाव दिया है।
ऑनलाइन घर बैठे करें शिकायत
आईजी मेरठ प्रवीण कुमार का कहना है कि ऑनलाइन शिकायत करने की प्रक्रिया बढ़ाने की जरूरत है। लोग बेवजह घर से न निकले। अधिकारियों के पास आने की जरूरत नहीं है, वह घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस उनकी शिकायतों का घटनास्थल पर जाकर निस्तारण करेंगी और इस प्रक्रिया में पुलिस कोई लापरवाही नहीं बरतेगी। एडीजी प्रशांत कुमार का कहना है कि ऑनलाइन शिकायतें में तुरंत निस्तारण होगा। पुलिस की एक नई टीम बनाई गई है। जो ऑनलाइन शिकायत सुनेगी। जिसका नंबर जल्द जनसुनवाई के लिए लागू होगा।