फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा को झटका

Thu, 06 Oct 2016 02:35 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में विजयी सपा प्रत्याशी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा के तीन, सपा के दो और बसपा के एक सदस्य ने जीत हासिल की। सपा ने भाजपा से एक सदस्य पद छीन लिया। जीत के बाद सपाई और भाजपाई नारे लगाते हुए आमने-सामने आ गए।
विज्ञापन


संयुक्त व्यापार संघ चुनाव के बाद नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भी भाजपा की किरकिरी हो गई। यह तब हुआ, जब नगर निगम में भाजपा की सरकार है। भाजपा पार्षद, महापौर, सांसद और विधायकों को मिलाकर 47 वोट हैं। एक अतिरिक्त वोट होने का दावा भी किया जा रहा था। बुधवार को टाउन हॉल में चुनाव अधिकारी मृत्युंजय यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश यादव और राजेश कुमार की देखरेख में मतदान कराया गया। 

भाजपा से गौरव कुमार, हरीश कुमार, पंकज कतीरा और सुधीर पुंडीर, सपा से आदिल अंसारी, शाहिद अब्बासी और बसपा से दिनेश कुमार कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में थे। सबसे पहले नामांकन भरे गए, उसके बाद जांच की गई। दोपहर तीन बजे वोटिंग शुरू हुई। भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, रविंद्र भड़ाना और डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी वोट डालने पहुंचे। भाजपा संगठन ने भी चारों प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा से गौरव, पंकज और सुधीर पुंडीर तो जीत गए, लेकिन हरीश कुमार को हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा की सरकार में एक सदस्य का हारना पूरे संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगा गया।
विज्ञापन


भाजपाइयों ने ही कर दी क्रास वोटिंग
भाजपा ने अपने चार प्रत्याशियों को जिताने के लिए 48 वोट होने का दावा किया था। माना जा रहा था कि भाजपा के प्रत्येक प्रत्याशी को 12-12 वोट मिल जाएंगी, तो कार्यकारिणी की चार सीटों पर भाजपा का फिर से कब्जा हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिस प्रकार से भाजपा का प्रत्याशी हारा, उससे साफ है कि भाजपा के पार्षदों ने ही क्रॉस वोटिंग कर सपा को फायदा पहुंचाया।

जीत से उत्साहित सपाई
सपा ने दो सदस्यों शाहिद और आदिल को चुनाव में उतारा था। सपा एमएलसी डा. सरोजिनी अग्रवाल वोट देने पहुंचीं, तो सपा महानगर अध्यक्ष अलीम अलवी, आदिल चौधरी, संगीता राहुल, चैतन्यदेव, पार्षद रामदत्त शर्मा, अफजाल सैफी और अन्य कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल के बाहर डेरा डाले रखा।

बसपा ने भी एक सीट कब्जाई
बसपा प्रत्याशी दिनेश कुमार के पक्ष में वोट करने बसपा एमएलसी अतर सिंह राव भी पहुंचे। दिनेश के विजयी होने पर बसपाइयों ने खुशी मनाई।

क्रॉस वोटिंग पर सपा ने प्रवीण राही को दिया नोटिस
सपा महानगर अध्यक्ष अलीम अलवी का कहना है कि निगम कार्यकारिणी चुनाव में सपा के पार्षद प्रवीन राही ने प्रत्याशी के खिलाफ वोटिंग की। प्रवीन को पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।      

ये है चुनाव का गणित
निगम कार्यकारिणी में कुल 12 सदस्य होते हैं। हर साल छह सदस्यों को बाहर कर नए सदस्यों को चुना जाता है। इस बार भाजपा से चार, सपा और बसपा से एक-एक सदस्य बाहर हुए थे। अब चुनाव के बाद भाजपा के 6, सपा के 4 और बसपा के 2 सदस्य कार्यकारिणी में हो गए हैं।

प्रत्याशी        पार्टी     मिले मत  परिणाम 
गौरव         भाजपा   11        विजयी 
पंकज कतीरा भाजपा   12       विजयी 
सुधीर पंडीर   भाजपा   12       विजयी
हरीश कुमार   भाजपा   10       हारे 
शाहिद          सपा     13      विजयी 
आदिल अंसारी सपा    16      विजयी
दिनेश कुमार   बसपा    12     विजयी  
नोट- चुनाव अधिकारी की घोषणा के मुताबिक।

- नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा को पूर्ण बहुमत है। फिर भी दो पार्षदों ने पार्टी के साथ विश्वासघात करके दूसरे दल के सदस्यों के पक्ष में वोट किया है। इसको लेकर पार्टी स्तर पर समीक्षा होगी। ऐसे सदस्यों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। - हरिकांत अहलुवालिया, महापौर  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें