- पूर्व सांसद राजू शेट्टी के साथ मेरठ से संदीप जैन ने उठाई आवाज
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित नांदणी मठ की हथिनी माधुरी अपने घर लौट रही है। इस खबर से जैन समाज समेत सर्व समाज में खुशी का माहौल है। विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ के राष्ट्रीय महामंत्री संदीप जैन ने इसे लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताया है।
माधुरी गुरुवार को गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा से नांदणी मठ के लिए रवाना हुई। नांदणी मठ के पीठाधीश स्वस्ति जिनसेन भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामीजी के मार्गदर्शन में वापसी के लिए आवाज उठाई गई थी। यह संघर्ष धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप ले गया। पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आंदोलन को जमीन पर मजबूत नेतृत्व दिया। उन्होंने कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संदीप जैन ने इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। उन्होंने आंदोलन को सड़क से न्यायालय तक ले जाने में भूमिका निभाई। उन्होंने पिछले वर्ष अगस्त में लखनऊ में माधुरी की वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था।
संघर्ष का व्यापक स्वरूप
संदीप जैन ने बताया कि माधुरी का मामला केवल जैन समाज का विषय नहीं था। यह अहिंसा, पशु संरक्षण और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा विषय था। यह उस जनभावना की जीत है, जो लोकतांत्रिक और सांविधानिक तरीके से अपनी बात उठा रही थी। इस संघर्ष में जैन समाज के साथ सर्व समाज के लोगों ने एकजुट होकर आवाज उठाई। यह एकजुटता अपने आप में ऐतिहासिक है।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास
मेरठ निवासी संदीप जैन ने माधुरी की वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित बापू की प्रतिमा के सामने धरना दिया था। इस दौरान रामधुन भी गाई गई थी। लंबे समय से चल रहे इस संघर्ष का अब सुखद परिणाम सामने आया है। माधुरी की वापसी की खबर से उन सभी लोगों में खुशी है, जिन्होंने सड़क से लेकर न्यायालय तक इस मुद्दे को उठाया।