मधुर भजनों से सराबोर हुआ नौचंदी मेला, डॉ. अंजनी ने भजनों से बांधा समां
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेला नौचंदी के सांस्कृतिक मंच पर आयोजित भजन संध्या में शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं भजन गायक डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरिहरपुर ( बनारस घराने ) के युवा प्रतिष्ठित गायक डॉ. मिश्र ने भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राम रमैया गाए जा, राम से लगन लगाए जा भजन से हुआ। इसके बाद मन लागों मेरो यार फकीरी में, रे मन राम सो कर प्रीत, राधा बिना कैसे श्याम जिएंगे तथा मेरे बांके बिहारी जी, मेरे श्याम गिरधारी जैसे भजनों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। नजरिया लग जाएगी मेरे कान्हा को और तेरा डम-डम डमरू बाजे भोलेनाथ की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे।
डॉ. अंजनी कुमार मिश्र को सुरमणि, सुरश्री, संगीत रत्न एवं गोल्ड मेडलिस्ट सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उनके साथ कीबोर्ड पर सौरभ शर्मा ऑक्टोपैड पर रोहन, ढोलक पर शिवम कुमार और बांसुरी पर तरन खेमवाल ने प्रभावी संगत दी। सहगायन में कीर्ति सिन्हा, सुषमा प्रकाश एवं ज्योति श्रीवास्तव ने सहयोग किया।