उधर, नगर पालिका के लिपिक पूरण सिंह और कर अधीक्षक आरडी पोरवाल से मारपीट एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में नामजद वार्ड 20 के सभासद पवन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। उधर, चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने डीएम राजीव शर्मा और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से मिलकर सभासदों की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि छात्र नेताओं को भेजकर उन पर हमला कराया गया। उनके पक्ष की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हमलावर युवक भाजपा के वार्ड 12 के सभासद नरेश चंद्र मित्तल के पुत्र अनमोल मित्तल के नेतृत्व में आए थे। उन्होंने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
गिरफ्तारी पर कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल
नगर पालिका के कर्मचारी और कर अधीक्षक से मारपीट की घटना के बाद पालिका कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी थी। गुरुवार को सुबह कर्मचारी धरने पर बैठ गए, लेकिन तभी प्रभारी ईओ कुमार भूपेंद्र सिंह आ गए। उन्होंने नामजद सभासद की गिरफ्तारी होने की जानकारी दी। इस पर कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
समझौते को पहुंचे सभासद के परिजन
वार्ड 20 के सभासद पवन के बड़े भाई और एक अन्य रिश्तेदार गुरुवार को नगर पालिका पहुंचे। उन्होंने कर अधीक्षक और लिपिक से बात की। उन्होंने घटना पर खेद जताते हुए मामले का निपटारा करने का अनुरोध किया। ईओ कुमार भूपेंद्र से भी मिले और मामले में समझौते की पेशकश की।
माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे भाजपाई
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी को ज्ञापन देकर भाजपाइयों पर माहौल बिगाडऩे का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घनी मुस्लिम आबादी में शवदाह गृह का निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे शांति व्यवस्था को खतरा होगा तथा पर्यावरण भी प्रदूषित होगा। उन्होंने अभाविप नेताओं से मारपीट के मामले में सभासदों पर रिपोर्ट दर्ज करने को गलत बताया। कहा कि भाजपा नेताओं के दबाव में उन्हें आनन-फानन में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने सभासदों से मुकदमे वापस लेने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष चौधरी इलम सिंह गुर्जर, शहर अध्यक्ष आसिफ खान, पंकज शर्मा, राशिद अब्बासी, नंदकिशोर मित्तल, योगेश ठाकुर, फैसल सैफी, सरफराज अंसारी, महफूज इलाही, मोनू गुर्जर, राशिद सैफी, कासिफ सिद्दीकी, फिरोज खान, जुगनू खान, हाजी असलम, सलमान सैफी आदि शामिल रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/