सभासद हाजी अहमद अली ने नगर पालिका को अपना एक वाहन कूड़ा ढुलाई के लिए दिया है। इस वाहन के लिए चालक और तेल देने के प्रस्ताव पर सबसे ज्यादा हंगामा हुआ। प्रेमी छाबड़ा, राजीव शर्मा, मनोज कुमार, विकास गुप्ता, सुनील शर्मा, पवन शर्मा, अरविंद धनकड़, विपुल समेत कई सभासद इसके विरोध में खड़े हो गए। प्रस्ताव पास कराने के लिए हाजी अहमद, गयूर, नदीम खान, सलीम, नौशाद आदि अड़े हुए थे। हस्ताक्षर कराने के लिए ले गए तो हाजी अहमद ने पर्चा फाड़ दिया। इसे लेकर दोनों गुट के सभासद आपस में भिड़ गए। काफी देर तक खींचतान हुई। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने किसी तरह मामला शांत किया, लेकिन इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन सकी। कोर्ट रोड जिला सहकारी बैंक के पास रखे खोखों को हटाने के प्रस्ताव पर भी विरोध हुआ, लेकिन बाद में इसे पास कर दिया गया। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 121.65 करोड़ की आय और 118.41 करोड़ के अनुमानित व्यय का बजट पास किया गया है। बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल और संचालन ईओ अमित कुमार सिंह ने किया।
ईओ के आवास में भर देंगे कूड़ा
नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सभासद प्रवीण पीटर ने एटूजेड प्लांट पर तुरंत निर्णय लेने की मांग की। कहा कि यदि प्लांट को शुरू नहीं किया गया तो नगर का कूड़ा ईओ अमित कुमार सिंह के आवास में भर देंगे। इस पर निर्णय लेने के लिए 48 घंटे के भीतर बोर्ड की बैठक बुलाई जाए।
पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि पर एतराज
सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, हनी पाल, पिंकी, नवनीत कुच्छल, सुनील शर्मा, ने पिछली बोर्ड बैठक की कार्रवाई की पुष्टि के बिंदु में प्रस्ताव संख्या 72 एवं 110 पर आपत्ति की। उन्होंने चेयरपर्सन को लिखित में दिया कि प्रस्ताव में केवल श्मशान घाट के निर्माण पर चर्चा हुई थी, लेकिन उसमें अन्य बिंदु भी जोड़ दिए गए हैं। बताया जाता है कि श्मशान घाट के अलावा कान्हा पशु आश्रय स्थल बनाने का प्रस्ताव भी जोड़ दिया गया है।
इन्होंने कहा...
मत्स्य पालन के ठेके का प्रस्ताव जनवरी माह में हुई बैठक में पास हुआ है। वित्तीय वर्ष में दो माह बचे थे, ऐसे में ठेकेदार ने काम नहीं किया। इसलिए ठेके की धनराशि जमा नहीं हुई। अब इस पर नए सिरे से निर्णय लिया जाएगा।
- अमित कुमार सिंह, ईओ, नगर पालिका।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/