दो अप्रैल को आंदोलन के चलते जिले में हुए बवाल के मामले में जेल में बंद आरोपियों से मिलने के लिए गुरुवार सुबह गुजरात के बड़गांव से विधायक जिग्नेश मेवाणी जेल पहुंचे। जेल प्रशासन ने उन्हें इसकी अनुमति देने से इंकार कर दिया, जिसके चलते वे बैरंग लौट गए।
गुजरात प्रांत के बड़गांव से कांग्रेस के विधायक जिग्नेश मेवाणी गुरुवार सुबह अचानक जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां से उन्होंने पहले विश्व शांति मानव एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष आशु चौधरी व भीम आर्मी-2 के अमित शिवाजी से मुलाकात की।
इसके बाद जिग्नेश मेवाणी सभी लोगों के साथ जिला कारागार पहुंचे और जेल अफसरों से मिलकर दो अप्रैल के बवाल में जेल में बंद उपकार बावरा, विकास मेडियन, अर्जुन व इरशाद चौधरी से मिलने की बात कही। बवाल के आरोपियों से मिलने के लिए जिग्नेश जैसे ही जिला कारागार के मुख्य गेट पर पहुंचे, जेल अफसरों ने उनकी मुलाकात कराने से इंकार कर दिया। आरोपियों से मुलाकात के लिए जेल अफसरों ने जिग्नेश को पहले डीएम राजीव शर्मा से अनुमति लेने की बात कही, जिस पर वे काफी देर तक जेल गेट पर ही खड़े रहे। काफी देर तक भी जेल में जाने की अनुमति नहीं मिलने पर जिग्नेश बैरंग ही लौट गए।