एक आरोपी गिरफ्तार और बरामद किया गया असलहा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने गांव मीरापुर दलपत के जंगल में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। एक दर्जन से अधिक बने और अधबने हथियार, कारतूस व औजार बरामद करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया है। मामला यूपी के मुजफ्फरनगर शहर का है।
सोमवार को एसएसपी देहात आलोक शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि गांव मीरापुर दलपत के जंगल में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बनाकर जंगल में गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेरकर छापा मारा गया। मौके से एक आरोपी को भारी मात्रा में हथियारों के साथ धर दबोचा। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राजबीर पुत्र भंवर सिंह निवासी गांव रामनगर, माजरा रसूलपुर कैलोरा, थाना खतौली बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी राइफल, सात 315 बोर के तमंचे, एक 12 बोर का तमंचा, आधा दर्जन से अधिक अध बने व कारतूस और औजार बरामद किए।
सीओ ने बताया कि आरोपी पर खतौली थाने में अवैध रूप से शस्त्र बनाने के मुकदमे दर्ज हैं। फैक्टरी पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी, एसएसआई सुरेश कुमार, एसआई चंद्रसेन सैनी, एसआई जय प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल मोहित शर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार आदि शामिल रहे।
आसपास इलाकों में सप्लाई करता था हथियार
इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि आरोपी राजबीर कई वर्षों से अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी चला रहा था। आरोपी देसी राइफल सहित अवैध हथियारों को बनाने के बाद आसपास के इलाकों में बेचता था। देसी राइफल को 10 से 15 हजार रुपये और तमंचों को दो हजार से लेकर तीन हजार रुपये तक बेचता था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/