- युवकों के पास से चोरी की एक बाइक बरामद होने की चर्चा
दौराला। मुजफ्फरनगर के थाना खतौली थाना पुलिस ने मंगलवार रात दौराला और सरधना थाना क्षेत्र के गांवों में दबिश देकर लगभग नौ युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस टीम द्वारा युवकों की निशानदेही पर दो-तीन बाइक बरामद कर कब्जे में लेने की भी चर्चा रही। पुलिस सभी युवकों और बाइकों को अपने साथ ले गई। कार्रवाई बाइक चोरी से जुड़े मामले में की गई बताई जा रही है।
खतौली पुलिस टीम मंगलवार रात दौराला थाना पहुंची। यहां से स्थानीय पुलिस को साथ लेकर मछरी गांव में दबिश दी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से गांव में चर्चा होने लगी। टीम ने गांव से लगभग सात युवकों को हिरासत में लिया।
बताया गया कि पूछताछ के दौरान युवकों की निशानदेही पर कुछ बाइक बरामद हुईं। पुलिस ने बाइकों को कब्जे में लेने के बाद युवकों को भी अपने साथ ले गई। इसके बाद पुलिस टीम ने मछरी गांव के पास स्थित सरधना थाना क्षेत्र के कुलंजन गांव में भी दबिश दी। यहां से दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस अपने साथ ले गई। दोनों गांवों में देर रात तक पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में चर्चा रही। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि किसी जांच के सिलसिले में खतौली पुलिस आई थी।