मुजफ्फरनगर जिले के बाल संप्रेषण गृह में बंद एक बाल अपचारी ने रविवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर वायरल कर दी। वीडियो में वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ दिख रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो जानलेवा हमले के मामले में बंद एक आरोपी ने बनाई और शेयर की।
यह मामला तब सामने आया जब संप्रेषण गृह के प्रभारी मोहित कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को परिजनों से फोन पर बात कराने के लिए जो कर्मचारी तैनात था, वह अपना मोबाइल भूलकर बाहर चला गया था। इसी दौरान बाल अपचारी ने मोबाइल का गलत इस्तेमाल करते हुए वीडियो बना ली और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी।
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में प्रार्थना पत्र देकर वीडियो को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल जांच की जा रही है कि मोबाइल बाल अपचारी तक कैसे पहुंचा और उसमें किस स्तर की लापरवाही हुई।