मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नई मंडी से बंदियों का मेडिकल कराने पहुंचे कांस्टेबल का भाजपा जिला मंत्री से गाड़ी की साइड लगने को लेकर विवाद हो गया। तीखी नोकझोंक के बाद भाजपा नेता को पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने पहुंच गए।
पुलिस के इस रवैये के विरोध में भाजपा नेता थाने में ही धरने पर बैठ गए। इस मामले की सूचना अधिकारियों को लगने पर एसएसपी ने मामले में संज्ञान लिया। एसएसपी ने सिपाही को निलंबित व दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद धरना खत्म किया गया।
भाजपा जिला मंत्री सुनील दर्शन बृहस्पतिवार सुबह किसी काम से जिला अस्पताल गए थे। उनकी गाड़ी इमरजेंसी कक्ष के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान नई मंडी थाने का कांस्टेबल राहुल त्यागी जेल भेजे जा रहे आरोपियों का मेडिकल कराने अस्पताल पहुंच गए, जहां उनकी गाड़ी से भाजपा नेता की गाड़ी की साइड लग गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों की कहासुनी हो गई।