मुजफ्फरनगर के सरूरपुर क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची ने 23 दिन पहले बेटी को जन्म दिया। पुलिस ने सच्चाई सामने लाने के लिए आरोपी, पीड़िता और नवजात का डीएनए टेस्ट कराया है। बच्ची और उसकी बेटी चिकित्सकों की देखरेख में स्वस्थ हैं।
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। 12 वर्षीय मासूम, जो यौन शोषण की शिकार हुई थी, उसने 23 दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया है। बच्ची और उसकी नवजात दोनों चिकित्सकों की निगरानी में हैं हालांकि मा व बच्ची स्वस्थ बताई जा रही हैं।
नवजात को सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया
जन्म के बाद पुलिस और बाल कल्याण समिति ने नवजात को अनाथ आश्रम में रखा है। ताकि उसकी देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल नवजात वहीं रह रही है।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि पीड़िता ने बयान में गांव के ही इंजमाम नामक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। आरोप है कि यह घटना करीब नौ माह पहले की है, लेकिन बच्ची डर के कारण परिजनों को कुछ नहीं बता पाई।
ऐसे खुला मामला
करीब सात माह बाद बच्ची के पेट का आकार बढ़ने लगा तो परिजनों को शक हुआ। शुरुआत में इसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन जब पीड़िता को पेट दर्द हुआ तो महिला चिकित्सक से जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि बच्ची गर्भवती है। पूछे जाने पर बच्ची ने आरोपी इंजमाम द्वारा यौन शोषण करने की जानकारी दी।
मुकदमा दर्ज और डीएनए टेस्ट
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। अब साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने आरोपी, पीड़िता और नवजात का डीएनए टेस्ट कराया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।