मेरठ में दारुल कजा मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सचिव मौलाना उमरैन महफूज रहमानी ने रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो फैसला आएगा, वह सभी को मंजूर होगा। अब समझौते की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
मौलाना रहमानी ने सोमवार को मदरसा जामिया मदनिया में मीडिया से वार्ता में कहा कि सुप्रीमकोर्ट में मामले को मजबूती से रखा गया है। उम्मीद है कि फैसला मुस्लिमों के हक में आएगा। साथ ही कहा कि जो भी फैसला आएगा वह सभी को मंजूर होगा। मौलाना ने सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे तौकीर रजा के अयोध्या मामले में दिए गए बयान पर विरोध जताया।
तीन तलाक कानून गलत
मौलाना ने कहा कि तीन तलाक कानून से महिलाओं का भला कभी नहीं होगा। देश में खोली गईं हजारों दारुल कजा में लोग अपनी परेशानियों और विवादों को सुलझा सकते हैं। मुस्लिम अपने बच्चों को उच्च शिक्षा और अच्छे संस्कार दें। इस दौरान कारी शफीकुर्रहमान कासमी, कारी अफ्फान कासमी, कारी हस्सान कासमी आदि मौजूद रहे।