संवाद न्यूज एजेंसी
जानी खुर्द। पांचली खुर्द के एक स्कूल में म्यूजिक टीचर संदीप सिंह का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई। यह घटना कक्षा 10 के छात्र को अनुशासनहीनता पर डांटने के बाद हुई।
सरस्वती विहार, रोहटा रोड निवासी संदीप सिंह ने जानी थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि मंगलवार को डांटने के बाद छात्र के भाई मयंक चपराणा ने उन्हें एमआईईटी कॉलेज के पास बुलाया। संदीप अपने साथी विपुल के साथ वहां पहुंचे। मयंक और उसके साथियों ने दोनों शिक्षकों से मारपीट की। दबंगों ने संदीप सिंह को जबरन कार में बैठा लिया। कार के अंदर भी संदीप सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट हुई, जिससे वे बेहोश हो गए। आरोपियों ने उनकी वीडियो बनाई और अचेत होने पर मरा समझकर छोड़कर फरार हो गए। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।