हत्यारोपी पर धमकाने का आरोप लगा दिया धरना
मेरठ। हत्यारोपी पर धमकी देने और समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगा पीड़ितों ने कलक्ट्रेेट के पास धरना देकर सड़क जाम करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने कई को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज की।
इंस्पेक्टर अब्दुर्रहमान सिद्दीकी के अनुसार, गगोल निवासी राहुल शर्मा की अप्रैल, 2019 में हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने राहुल के दोस्त हरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गत वर्ष राहुल के परिजनों ने कोर्ट के माध्यम से एक और मुकदमा दर्ज कराया। उसमें एफआर लग चुकी है। बुधवार को परिवार के लोग दोबारा एसएसपी ऑफिस पहुंचे। वहां से निकलकर कलक्ट्रेट जाने लगे। पुलिस ने रोका तो बीच सड़क धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लिया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि पूर्व में दर्ज मामलों में कार्रवाई हुई है। यह लोग एक और मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बना रहे थे। व्यवस्था खराब करने के प्रयास में राजकुमार, जय भगवान, प्रवीण, रिंकी शर्मा, पारुल शर्मा और सरिता शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।