रोहटा गांव में बृहस्पतिवार सुबह डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। कुख्यात मोनू जाट ने दो लाख रुपये की रंगदारी न देने पर दंपति को गोलियों से भून डाला। सूचना मिलने के एक घंटा बाद पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत किया। तभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
रोहटा गांव निवासी शीशपाल (58) पुत्र चतर सिंह किसान था। तीन साल पहले शीशपाल के इकलौते बेटे कपिल की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। शीशपाल के कंधों पर विधवा पुत्रवधू सीमा व पोते-पोती की जिम्मेदारी थी। शीशपाल से कुख्यात अमित उर्फ मोनू जाट ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसने यह शिकायत रोहटा थाने में की थी। लेकिन पुलिस ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे शीशपाल पत्नी संतोष (55) के साथ खेत पर चारा लेने गया था। शीशपाल का भाई कंवरपाल सिंह भी साथ था। दंपति चारा काटने लगा तो कंवरपाल अपना ईख का खेत देखने लगा। तभी कुख्यात मोनू अपने दो साथियों के साथ दंपति के पास पहुंचा। बदमाशों ने रंगदारी न देने पर शीशपाल पर गोलियां बरसा दीं। यह देख संतोष बदमाशों पर टूटी तो बदमाशों ने उसे भी गोलियों से भून दिया। शीशपाल को पांच गोलियां मारी गईं। दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोलियों की आवाज सुन कंवरपाल वहां पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर भी गोलियां चला दीं। हालांकि कंवरपाल बाल-बाल बच गया।
पुलिस को जमकर सुनाई खरीखोटी
दंपति की हत्या की जानकारी लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक घंटे बाद रोहटा थाने की पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को जमकर खरीखोटी सुनाई। ग्रामीणों का आरोप है कि रोहटा पुलिस अगर शीशपाल की शिकायत पर गंभीर हो जाती तो उसकी जान बच सकती थी। कुख्यात मोनू लगातार शीशपाल के परिवार को धमकी दे रहा था कि अगर रंगदारी नहीं दी तो वह उनको मार देगा।
एसएसपी पहुंचे तो उठे शव
ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर पुलिस की हिम्मत शवों का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की नहीं हुई। डबल मर्डर और हंगामे की सूचना पर जानी, सरूरपुर, कंकरखेड़ा, समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। करीब 11 बजे एसएसपी जे. रविंदर गौड़ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तीन दिन में आरोपी मोनू जाट को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तभी ग्रामीण शांत हुए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। कंवरपाल की तहरीर पर मोनू जाट और उसके साथियों पर केस दर्ज हुआ। तहरीर में मोनू के अलावा शिव कुमार पुत्र ब्रह्म सिंह, पवन पुत्र राजवीर, यशपाल पुत्र धर्मवीर, रतन पुत्र बारू को हत्या का षड्यंत्र रचने में नामजद किया गया है।