मेरठ से सटे सरधना में पुलिस ने मिलक गांव निवासी दीपक की हत्या में सोमवार को गांव के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उसके पिता का आरोप है कि हत्या ईंट-पत्थर एवं धारदार हथियार से प्रहार करके की गई है। उधर, दीपक के शव का सैंपल कोविड 19 जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि जांच रिपोर्ट नहीं आने की वजह से शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
मिलक गांव निवासी हरपाल पुत्र कमल सिंह ने अपने 19 वर्षीय पुत्र दीपक की गांव के ही चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि बीती तीन जुलाई की पूर्वाह्न करीब 11 बजे उसके पुत्र दीपक के मोबाइल पर कॉल आई। इसके बाद वह घर से चला गया।
परिजनों को पता चला कि उनके बेटे की गांव के ही चार लोगों ने ईंट-पत्थर एवं धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या कर दी। हरपाल ने बताया कि मनिकांत पुत्र राज, सोनू पुत्र शेर सिंह, रण सिंह उर्फ लहरी पुत्र अनिल, गौरव पुत्र अजय आदि ने उसे कहा था कि यदि तू सोनू के घर गया तो तुझे एवं तेरे इकलौते पुत्र की हत्या कर देंगे।
जिस समय उसे धमकी दी गई वहां गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे। इसके बाद उसके पुत्र की हत्या कर दी गई। जिसमें पुलिस ने तहरीर के आधार पर मणिकांत, सोनू, रणसिंह एवं गौरव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, चिकित्सकों ने दीपक के शव का सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा।
सोमवार सायं तक जांच रिपोर्ट नहीं आने की वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। उधर, सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।