टीपीनगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 8 में महिला की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार दोपहर एक युवक ने झाड़ियों में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। महिला के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले। महिला के दाहिने हाथ पर दीपक, धर्मपाल और अनीता लिखा था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर महिला और आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
वेदव्यासपुरी औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 8 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ज्वेलरी एंड टेक्नोलॉजी से कुछ दूरी पर एक स्थानीय युवक ने सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव पड़ा देखा। युवक ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई है।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने जांच पड़ताल के बाद बताया कि महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष है। शव देखने में डेढ़ से दो दिन पुराना लग रहा है। महिला लाल रंग का सूट सलवार पहने हुए है। उसके गले पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। शरीर अन्य कोई चोट का निशान नहीं मिला। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी।
सीमा विवाद में उलझी परतापुर और टीपीनगर पुलिस
वेदव्यासपुरी में जिस जगह महिला का शव पड़ा मिला वह स्थान परतापुर और टीपीनगर थाने की सीमा के करीब है। महिला का शव मिलने की जानकारी पर परतापुर और टीपीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दो थानों की सीमा होने के कारण पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। मौके पर पहुंचीं सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने टीपीनगर थाना पुलिस को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।
झाड़ियों के बीच छुपाया था शव
वेदव्यासपुरी औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर आठ की जमीन को पूठा गांव के किसानों से अधिग्रहण किया गया है। इस क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक फैक्टरियां हैं। महिला का शव जहां पड़ा मिला, वहां कोई फैक्टरी नहीं है। यह सुनसान इलाका है। आरोपियों ने महिला के शव को झाड़ियों के बीच छुपा दिया था। आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव यहां छुपाया गया हो।