सरधना में बाइक की साइड लगने पर आरोपी असलम को तब तक पीटते रहे, जब तक वह अचेत नहीं हो गया। आरोपियों ने उसके पिता और ताऊ को भी पीटा। जाम लगने के कारण वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लोग तमाशबीन बने रहे लेकिन मदद को कोई आगे नहीं आया। घायल असलम को सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। जबकि उसके पिता व ताऊ का उपचार चल रहा है।
हमलावरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
असलम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन गमजदा हो गए। परिजनों ने बताया कि असलम चार भाई व चार बहन थे। असलम सबसे बड़ा था। असलम की मौत के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक व्याप्त है। सूचना पर भाकियू आंदोलनकारी संगठन के नगर अध्यक्ष अकरम बाबू पीड़ित परिजनों के साथ सरधना थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आर्थिक तंगी का बोझ कम करने के लिए करता था पिता की मदद
ग्रामीणों ने बताया कि असलम का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। पिता की हालत को देखते हुए असलम भी कम उम्र में ही अपने पिता के साथ मजदूरी करने लगा था। जिसके कारण उसके परिवार का गुजारा ठीक ढंग से हो रहा था। लेकिन मामूली कहासुनी में उसे बेरहमी से मार डाला गया।