मेरठ में किठौर थाना क्षेत्र के माछरा में शराब के ठेके के सामने गुरुवार रात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने सीओ और इंस्पेक्टर का घेराव कर शव को नहीं उठाने दिया। एसपी देहात के हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर परिजन माने।
पुलिस के अनुसार माछरा निवासी टीनू (35) पुत्र ओमप्रकाश शराब के ठेके पर गया था। इस दौरान ठेके के सामने उसका मकान मालिक से विवाद हो गया। आरोप है कि गालीगलौज होने पर मकान मालिक ने टीनू की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। शव को पास में एक गड्ढे में फेंक दिया। इस दौरान सेल्समैन संदीप ठेेके को बंद कर भाग निकला। परिजनों जब उसे तलाश करते हुए पहुंचे तो टीनू का शव गड्ढे में मिला। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया।
सूचना पर इंस्पेक्टर किठौर रोजंत त्यागी, सीओ किठौर आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने सीओ को घेर लिया। हंगामा कर नारेबाजी कर दी। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं होते, शव नहीं उठाने दिया जाएगा। मुख्य मार्ग पर ही शव रख कर जाम लगाने की कोशिश की। बाद में एसपी देहात अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे। मामला अलग अलग बिरादरी से जुड़ा हुआ होने पर अनुसूचित जाति के लोगों ने कहा कि उन्हें 24 घंटे में हत्यारोपी गिरफ्तार चाहिए। एसपी देहात ने सेल्समैन से बात की तो पता चला कि भूलेराम से टीनू का विवाद हुआ था। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी देहात का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के साथ दो अन्य युवक भी शामिल बताए गए। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/