संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मेरठ रोड स्थित गांव मवाना खुर्द वाले पीर की देखरेख करने वाले सेवादार जगबीर सिंह उर्फ निरंजन गिरी महाराज की आग से जलकर हुई मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतक के भांजे रकम सिंह निवासी सैफपुर फिरोजपुर थाना बहसूमा ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए सीओ को शिकायती पत्र भेजा है।
सीओ पंकज लवानिया को भेजे पत्र में रकम सिंह ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उनके मामा जगबीर सिंह जली हुई हालत में मृत्यु पूर्व बयान दे रहे हैं। वीडियो में पीड़ित के मामा यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राफन निवासी व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें पहले पेड़ से बांधा और फिर नशे की हालत में आग लगा दी। भांजे का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी उनके मामा के साथ मारपीट करता रहता था, जिसकी शिकायतें पहले भी दर्ज कराई गई थीं। पीड़ित ने सीओ से आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ का कहना है कि उनको कोई पत्र नहीं मिला है, शिकायती पत्र मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-