संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका ने नगर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में लापरवाही पर संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई मंडी चमारान मोहल्ले के निवासियों की शिकायत के बाद की गई है।
नगर पालिका की ओर से जारी नोटिस में उल्लेख किया कि जेपी एंटरप्राइजेज कंपनी को शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, एमआरएफ सेंटर संचालन और गीले कचरे की कंपोस्टिंग का कार्य सौंपा गया है। इसके बावजूद मंडी चमारान क्षेत्र में नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाए जाने की शिकायत सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने कंपनी के सुपरवाइजर वतन ढाका से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। नगर पालिका ने कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी चमारान सहित नगर के सभी वार्डों में प्रतिदिन कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित कंपनी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।