मेरठ। सड़क निर्माण, तालाब खोदाई, सफाई व्यवस्था में भ्रष्टाचार खोलने की धमकी पर सपा-बसपा और असपा के पार्षदों के सामने बृहस्पतिवार को नगर निगम सरकार झुक गई। महापौर हरिकांत अहलूवालिया, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, तीनों अपर नगर आयुक्त सहित अधिकारी और कर्मचारीगण विपक्ष पार्षद को मनाने घोपला गांव में उनकी चौखट पर पहुंच गए। चेतावनी दी थी कि क्षेत्र के 10 हजार लोगों के साथ लेकर सभी पार्षद नगर निगम परिसर में धरने पर बैठेंगे। बुधवार रातभर पार्षदों को फोन करके धरने नहीं देने की काफी मिन्नतें की, नहीं माने तो सुबह नगर निगम की सरकार पार्षद के घर पहुंच गए। तालाब में खोदाई शुरू करा दी और एक सप्ताह में कार्य कराने का आश्वासन दिया।
वार्ड-31 के पार्षद कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला ने बुधवार शाम नगर निगम को चेतावनी दी कि वह बृहस्पतिवार सुबह 11:00 बजे अपने विपक्ष पार्षदों के साथ निगम परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। सोशल मीडिया पर रात में खूब प्रचार किया गया कि विपक्ष के पार्षद नगर निगम के भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे। बृहस्पतिवार सुबह 11:00 बजे असपा से वार्ड-8 के पार्षद भूपेंद्रपाल उर्फ भूपे, वार्ड-88 से पार्षदपति अमजद, वार्ड-73 से सपा पार्षद इकरामुद्दीन सैफी, वार्ड-17 से पार्षद गंगा प्रसाद, पार्षदपति इकराम बालियान, आशीष कुमार, रंजन शर्मा सहित दस पार्षद करीब 10 हजार लोगों समेत नगर निगम परिसर में पहुंचने लगे।
महापौर, नगर आयुक्त, तीनों अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय, प्रमोद कुमार, पंकज कुमार, सहायक नगर आयुक्त शरद पाल, मुख्य अभियंता निर्माण प्रमोद कुमार, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी घोपला गांव में पहुंच गए। इसकी जानकारी पर धरने देने पहुंचे पार्षद घोपला गांव में पहुंचे। जहां नगर निगम सरकार घोपला गांव में सपा के पार्षद कुलदीप को मना रही थी। पार्षद ने एक के बाद एक समस्याएं भी बतानी शुरू कर दी। निर्माण विभाग में सड़क निर्माण टेंडर, फिर री-टेंडर कर भ्रष्टाचार, तालाब खोदाई और सफाई व्यवस्था की पोल खोली। महापौर और नगर आयुक्त ने पार्षद द्वारा सभी प्रस्तावित कार्य कराने की बात कही। निगम ने जेसीबी बुलाकर तालाब की खोदाई कराने का कार्य शुरू करा दिया।
तालाब खोदाई और सौंदर्यकरण
घोपला गांव में तालाब खोदाई और सौंदर्यकरण में करीब 35 लाख खर्च होंगे। दो श्मशानघाट में 900 मीटर सड़क, चाहरदीवारी, पत्थर के स्थायी बेंच, पानी की व्यवस्था सहित खर्च में करीब 1.50 करोड़ की लागत आएगी। वार्ड-8 में पानी की पाइप लाइन में 5.50 करोड़ की लागत होनी है। इसके अलावा भी कई सड़क निर्माण कार्य बताए, जोकि री-टेंडर में होना बताया। पार्षदों का आरोप है कि तालाब की खोदाई या सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था में निगम अधिकारी भ्रष्टाचार करते हैं। महापौर और नगर आयुक्त सहित निगम सरकार के घोपला गांव पहुंंचने पर पार्षदों ने यह नहीं बताया कि कितना भ्रष्टाचार हुआ और कैसे हुआ। निगम अधिकारी उनको मनाते रहे कि उनकी पोल न खोलें।
भाजपा पार्षद रेखा ठाकुर को तीन घंटे धरने पर बैठाया
मेरठ। वार्ड-60 की भाजपा पार्षद रेखा ठाकुर अपने पति नीरज ठाकुर के साथ 20 दिन पहले कड़ाके की ठंड में नगर आयुक्त के आवास पर धरने पर बैठी थीं। वह तीन घंटे वह धरने पर बैठी रही और जिद थी कि नगर आयुक्त उनकी शिकायत आकर ही सुन लें। नगर आयुक्त बाहर नहीं आए। सवाल उठता है कि भाजपा पार्षद की शिकायत सुनने के लिए नगर आयुक्त अपने आवास पर धरने पर नहीं गए। अब नगर निगम सरकार घोपला पहुंच गई। नीरज ठाकुर का कहना है कि निगम अधिकारियों का रवैया गलत है। निगम अधिकारियों में कमियां होंगी, इसके चलते वह सपा पार्षद की चौखट पर पहुंच गए।
-
तालाब की खोदाई और नापतोल में गड़बड़ी का आरोप पार्षद ने लगाया था। मैं वहां पहुंचा और पार्षद को समझाया। तालाब की खोदाई का कार्य चल रहा है।
हरिकांत अहलूवालिया, महापौर
-
पार्षद के वार्ड में समस्या थी। वह धरने पर बैठने की बात कह रहे थे। पार्षद की जो समस्या थी, उसको सुना गया। सड़क निर्माण के कार्य टेंडर प्रक्रिया में है।
सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त
-
नगर निगम में भ्रष्टाचार बहुत है। परेशान होकर धरने पर बैठना था। निगम अधिकारियों के आश्वासन पर धरना स्थगित किया गया है।
कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला, सपा पार्षद
-