मेरठ। नगर निगम की कार्यकारिणी का चुनाव शनिवार को फिर हो सकता है। भाजपा के उम्मीदवारों के सामने ही फिर से पार्षद संजय सैनी ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इसको लेकर महापौर हरिकांत अहलूवालिया की अध्यक्षता में भाजपा पार्षदों की बैठक हुई। इसमें भाजपा के कई पार्षद नहीं पहुंचे। चुनाव में हंगामा होने का इनपुट मिलने के बाद निगम के अफसरों ने भी बैठक की। मतदान केंद्र पर पुलिस फोर्स लगाने के लिए निगम अफसरों ने एसएसपी को पत्र लिखा है।
शास्त्रीनगर बी-ब्लॉक में कार्यकारिणी का चुनाव शनिवार को होगा। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को चुनाव हुआ था। इसमें भाजपा से बागी हुए पार्षद संजय सैनी चुनाव लड़े थे और 13 मत पाकर बढ़त बना ली थी। भाजपा के घोषित पार्षद सतपाल को कुल 11 मत मिले थे। इस पर भाजपा नेताओं ने हंगामा कर दिया था। नतीजा यह रहा कि चुनाव स्थगित करना पड़ा। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने दो महीने में छह बार चुनाव कराने की तारीख तय की और हर बार किन्हीं कारणों से स्थगित होता रहा। काफी मंथन के बाद शनिवार को चुनाव होना सातवीं बार तय हुआ है। अब बार चुनाव अधिकारी अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार को बनाया गया है। उनके साथ सहायक, निर्वाचन अधिकारी सहित 25 कर्मचारियों की ड्यूटी निगम ने लगाई है। छह सदस्यों का चुनाव होना है और सुबह 12 बजे चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन के बाद मतदान होगा। सांसद, राज्यसभा सदस्य, एमएलसी और 90 पार्षद वोट करेंगे।
भाजपा की बैठक में नहीं पहुंचे कई पार्षद
महापौर के कैंप कार्यालय सूरजकुंड पर शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष ने बैठक ली। इसमें भाजपा के कई पार्षद नहीं पहुंचे। बताया गया कि चुनाव में भाजपा के कई पार्षद अपने ही प्रत्याशी के खिलाफ वोट कर सकते हैं। भाजपा से बागी हुए पार्षद संजय सैनी के पक्ष में भाजपा के चार-पांच पार्षद हैं। उनके ही बल पर संजय सैनी ने शनिवार सुबह फिर से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा ने संजय सैनी को प्रत्याशी नहीं बनाया था, इस पर वह नाराज हो गए थे। भाजपा से बागी हुए संजय से चुनाव लड़ा था। इस पर भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित किया हुआ है।
- चुनाव कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित 25 कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। पारदर्शिता के साथ चुनाव कराया जाएगा। पंकज कुमार, चुनाव अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त