सरधना। नगर पालिका के वार्ड संख्या 15 में सभासद पद के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन दो और प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। अब कुल चार प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं।
वार्ड 15 की पूर्व सभासद वसीला का कुछ माह पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके निधन के चलते शासन द्वारा उपचुनाव की घोषणा की गई थी। नामांकन करने वाले प्रत्याशी साइदा पत्नी तराबुद्दीन, गुलफ्शा पत्नी इरशाद, मंजू पत्नी जयभगवान, सलमा पत्नी शहजाद ने नामांकन पत्र दाखिल किया। चुनाव अधिकारी डॉ. सुभाष मलिक ने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि 3 अक्तूबर निर्धारित की गई है। 6 अक्तूबर को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा, जबकि वाेटों की गिनती 15 अक्तूबर को होगी। प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ ही प्रचार अभियान तेज कर दिया है।