- यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में रही नाकाम
- थाने की पुलिस भी नहीं बनवा सकी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मुर्हरम के जुलूस को लेकर शुक्रवार को पूरे शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। लंबे जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में नाकाम साबित हुई। यूं तो व्यवस्था बनाने के लिए लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी, देहली गेट, रेलवे रोड, टीपी नगर थाना पुलिस को भी लगाया गया, लेकिन वह व्यवस्था नहीं बना सके।
मुहर्रम का जुलूस खैरनगर, अहमद रोड, घंटाघर, रेलवे रोड चौराहा, दिल्ली रोड ईदगाह के पास से होता हुआ पूरे शहर में निकाला गया। जहां-जहां से जुलूस निकाला गया, वहां-वहां-वहां पर लंबा जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भूमिया पुल, शारदा रोड, घंटाघर, अहमदरोड, खैरनगर, दिल्ली रोड और रेलवे रोड चौराहे पर दोपहर तीन बजे से लेकर शाम पांच बजे तक लंबा जाम लगा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जहां-जहां जुलूस निकाला गया, वहां-वहां दुकाने भी लगी हुई थी। जिसकी वजह से सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था के लिए यूं तो यातायात पुलिस की भी डयूटी लगाई गई, लेकिन वह भी जाम खुलवाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुए। थाना पुलिस भी जाम नहीं खुलवा सकी। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि जुलूस की वजह से धीमी गति से यातायात चला। जिसको यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुधार कराया।
एसपी सिटी ने संभाली रेलवे रोड चौराहे पर कमान
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले जाम को देखते हुए रेलवे रोड चौराहे पहुंच गए। उन्होंने मौके पर रेलवे रोड, देहली गेट समेत कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। जिसके बाद ही लोगों को जाम से राहत मिल सकी।
-