मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध सेल्फ फाइनेंस के 269 कॉलेजों को विवि ने कोविड-19 को देखते हुए एक साल की अस्थाई संबद्धता दे दी है। इन कॉलेजों से सभी नियम पूरे करने के संबंध में शपथ पत्र लिए गए हैं।
विवि में सोमवार को कुलपति की अध्यक्षता में कार्य परिषद की आपात बैठक का आयोजन किया गया। इसमें निर्णय लिया गया कि विवि द्वारा ऐसे संस्थान जिनकी संबद्धता को विस्तारित किए जाने के लिए निरीक्षण मंडल का गठन किया जा चुका था, लेकिन कोविड-19 की परिस्थितियों को देखते हुए उन संस्थानों का निरीक्षण नहीं हो सका था। इन सभी संस्थानों को एक साल की अस्थाई संबद्धता प्रदान की जाती है। लेकिन ऐसे सभी संस्थानों को 2021-22 के प्रवेश से पहले निरीक्षण कराया जाना अनिवार्य होगा। इन संस्थानों की संबद्धता विस्तारण को लेकर शासन ने सभी विवि को अपने स्तर पर निर्णय लेने को कहा था। इसके अलावा विवि द्वारा वर्ष 2019-20 की बची हुई मुख्य परीक्षाएं जो कोविड-19 के कारण स्थगित कर दी गई थीं, विवि ने उनको पूरा कराने के लिए केंद्रों पर सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग आदि कराने के संबंध में महाविद्यालय द्वारा किए जाने वाले व्यय में वृद्धि करने का निर्णय लिया। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला, वित्त अधिकारी सुशील कुमार गुप्ता, कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. रूप नारायण, डॉ. दर्शन लाल अरोड़ा, प्रो. नवीन चंद लोहनी, प्रो. एवीकौर, डॉ. ईश्वर सिंह, डॉ. अल्पना अग्रवाल, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. सुरेंद्र अग्रवाल एवं प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र गुप्ता मौजूद रहे।