संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त को दिव्या पब्लिक स्कूल शामली में किया गया। इसमें मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
फाइनल मुकाबले में एमपीएस की टीम को अंडर 19 वर्ग में गाजियाबाद ने 26-36 के स्कोर से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। एमपीएस की टीम दूसरे स्थान पर रही और टीम को उपविजेता की ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा। सोमवार को स्कूल पहुंचने पर टीम का स्वागत किया गया। इस उपलब्धि के साथ ही मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग ने लगातार दूसरे दिन सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पूर्व विद्यालय की अंडर-17 टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अलका श्रीवास्तव गौड़ ने समस्त प्रबंध समिति की ओर से खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की प्रतिभा, निरंतर अभ्यास, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।