सीबीएसई प्री-सुब्रतो कप में एमपीएस बना उपविजेता
मेरठ। मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग की अंडर-15 बालक वर्ग की फुटबाल टीम ने रुद्रपुर में आयोजित सीबीएसई प्री-सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम ने अपने लीग मुकाबलों में स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल को 5-0 से, श्री दशमेश स्कूल को 3-0 से तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा को 3-0 से पराजित किया। वहीं द आर्यंस के साथ मुकाबला 0-0 से बराबरी पर रहा।
सेमीफाइनल मुकाबले में मेरठ पब्लिक स्कूल ने जीनियस ग्लोबल स्कूल को 1-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। टूर्नामेंट में टीम के खिलाड़ियों ने अनुकरणीय प्रदर्शन किया और उपविजेता बनने का सम्मान प्राप्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अलका श्रीवास्तव गौड़ ने समस्त प्रबंध समिति की ओर से खिलाड़ियों, कोच एवं खेल विभाग को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।