माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला को पत्र लिखकर सीसीएसयू का नया एक्सटेंशन कैंपस बागपत लोकसभा क्षेत्र में बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इसके लिए बड़ौत विधानसभा और सिवालखास विधानसभा एवं मोदीनगर तहसील क्षेत्र में भूमि उपलब्ध है। इनमें से किसी भी जगह कैंपस बनने से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री और कुलपति को लिखे पत्र में सांसद राजकुमार सांगवान ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का नया एक्सटेंशन कैंपस बनाने का प्रस्ताव कार्य परिषद की बैठक में पारित हुआ है। बागपत लोकसभा क्षेत्र में (बड़ौत अथवा मोहिउद्दीनपुर-खरखौदा मार्ग पर डीलना, चुड़ियाला, तलहैटा) विश्वविद्यालय के नए परिसर की स्थापना के लिए आवश्यक निशुल्क एवं निर्विवाद भूमि उपलब्ध है। इस क्षेत्र में दशकों से उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में विश्वविद्यालय की आवश्यकता रही है। यहां विवि के नए एक्सटेंशन कैंपस की स्थापना के लिए आवश्यक व पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसलिए नए एक्सटेंशन कैंपस का निर्माण संसदीय क्षेत्र बागपत में कराया जाए। शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति का सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली टूल होता है।