संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव अटोरा मार्ग पर शुक्रवार सुबह 7.30 बजे अनियंत्रित भैंसा-बुग्गी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी की बम छाती में लगने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव जंधेड़ी गांव निवासी रामपाल (55) पुत्र हरीश चंद्र मेरठ यूनिवर्सिटी के पास एक दुकान पर नौकरी करते थे। शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे वह बाइक से मेरठ जा रहे थे। जब वह अटोरा मार्ग पर एक बाग के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित भैंसा-बुग्गी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी की बम सीधे छाती में लगने से रामपाल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। बुग्गी चालक बुग्गी लेकर मौके से फरार हो गया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रामपाल की मौत से परिवार में मातम पसरा है। रामपाल के तीन लड़की और एक लड़का है। दो लड़की और एक लड़के की शादी हो चुकी है, एक लड़की अविवाहित है। लड़का किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
-