नोट- बागपत के ध्यानार्थ
-
मेरठ-करनाल हाईवे पर हादसा, चालक कार लेकर भागा
- मेरठ से बाइक से बामनौली गांव लौट रहे थे अजयपाल तोमर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर ईकड़ी तिराहे के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सरधना थाना पुलिस के अनुसार, बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के गांव बामनौली निवासी अजयपाल तोमर (48) पुत्र धर्मपाल किसी कार्य से मेरठ आए थे। बृहस्पतिवार दोपहर वह बाइक से शामली की ओर लौट रहे थे। हाईवे पर सरधना थाना क्षेत्र में ईकड़ी तिराहे के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अजयपाल कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि घटना के संबंध में आसपास जांच कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।