- हाईवे पर किसी वाहन ने बाइक में मारी टक्कर
- लाल किला होटल के सामने हुआ हादसा
- पल्हैड़ा निवासी अंकित ने मौके पर तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। एनएच हाईवे पर रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक अंकित की मौत हो गई। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में लाल किला होटल के सामने पीछे से आए किसी वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के गांव पल्हैड़ा निवासी अंकित बाइक पर सवार होकर कंकरखेड़ा की ओर से हरिद्वार की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लाल किला होटल के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकित संभल नहीं सका और सड़क पर गिरा व मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना में युवक की मौत होने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद युवक की पहचान अंकित के रूप में की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में मातम पसर गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और अन्य माध्यमों से वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-