संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। लगातार बारिश से खादर क्षेत्र में हुए जलभराव के बीच गांव किशनपुर के आगे स्थित एक डेरे पर फंसी करीब 250 बकरियों और उनके पशुपालकों को प्रशासन ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पीएसी की फ्लड कंपनी और थाना पुलिस ने मोटरबोट की मदद से कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान में सभी बकरियों और पशुपालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पशुपालक किशन, गौरव, सतबीर, बलराम और खुशीराम ने बताया कि वह भेड़-बकरियां पालकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह करीब एक सप्ताह पूर्व किशनपुर के जंगल में बकरियों को चराने के लिए पहुंचे थे जहां पर चार दिन पूर्व अचानक बारिश शुरू हो गई। वह अपनी भेड़-बकरियों के साथ एक डेरे पर शरण ले ली परंतु बारिश लगातार होती रही और जंगल के सभी रास्ते बंद हो गए जिस कारण वह पानी के बीच फंस गए। जलभराव बढ़ने से बकरियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना भी संभव नहीं था। पशुओं की जान पर खतरा बढ़ने पर पशुपालकों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही एसडीएम मवाना संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालात का जायजा लेने के बाद पीएसी की फ्लड कंपनी और थाना पुलिस की मोटरबोट की सहायता से राहत अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सावधानी के साथ बकरियों को चरणबद्ध तरीके से मोटरबोट के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद करीब 250 बकरियों का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया गया।
अभियान के दौरान किसी भी बकरी की जान नहीं गई और कोई अप्रिय घटना भी नहीं हुई। राहत कार्य पूरा होने के बाद पशुपालकों ने प्रशासन और पुलिस का आभार जताया। वहीं ग्रामीणों ने भी समय पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों की सराहना की।
एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पीएसी की फ्लड कंपनी और थाना पुलिस की मदद से पानी के बीच फंसे पशुपालकों और बकरियों का सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है तथा लोगों से किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई है।
पानी के बीच से मोटरबोट में बकरी ओर पलकों को रेस्क्यू कर बाहर लाते पुलिस स्रोत संवाद